40 वर्षों तक मरीजों की पीड़ा हरने वाले राजेश जायसवाल को नम आंखों से दी गई विदाई

इमरान खान की रिपोर्ट

बिलासपुर — सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर में उस समय भावुक माहौल बन गया, जब 40 वर्षों तक मरीजों की सेवा में अपना जीवन समर्पित करने वाले राजेश जायसवाल को विदाई दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों की आंखें नम थीं और हर कोई उनके सेवाभाव, समर्पण और मानवीय संवेदनाओं को याद कर रहा था।

वक्ताओं ने कहा कि राजेश जायसवाल केवल एक स्वास्थ्यकर्मी नहीं थे, बल्कि मरीजों के लिए उम्मीद और विश्वास का दूसरा नाम थे। उन्होंने अपने लंबे सेवाकाल में अनगिनत गंभीर मरीजों की सेवा कर उन्हें नया जीवन देने का कार्य किया। कई ऐसे मरीज, जिनकी हालत बेहद गंभीर थी और जिनके अंग काटने तक की नौबत आ गई थी, उन्हें अपनी मेहनत, अनुभव और निरंतर देखभाल से स्वस्थ करने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम में उनके सहयोगियों ने अनेक संस्मरण साझा किए। बताया गया कि एक मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति के गंभीर घाव की उन्होंने लगभग एक माह तक लगातार ड्रेसिंग की और उसे स्वस्थ होने में मदद की। यह उनकी नौकरी नहीं, बल्कि मानवता के प्रति समर्पण का जीवंत उदाहरण था।

सहकर्मियों ने कहा कि राजेश जायसवाल हमेशा मुस्कुराते हुए अपनी जिम्मेदारियां निभाते थे। मरीजों के दर्द को अपना दर्द समझकर सेवा करना उनकी पहचान रही। उनकी ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनी रहेगी।

अपने विदाई संबोधन में भावुक होते हुए राजेश जायसवाल ने कहा कि मरीजों की सेवा करना उनके जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य रहा है। उन्होंने कहा कि नौकरी की शुरुआत रामानुजगंज से हुई थी, लेकिन रतनपुर ने उन्हें अपना परिवार दिया। यहां के अधिकारियों, कर्मचारियों और नगरवासियों का स्नेह वे जीवनभर नहीं भूल पाएंगे।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने खड़े होकर उनका सम्मान किया और उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। विदाई के इस अवसर पर कई लोगों की आंखें नम हो गईं, क्योंकि एक ऐसा सेवाभावी कर्मयोगी आज अपनी शासकीय सेवा से विदा हो रहा था, जिसने चार दशकों तक निस्वार्थ भाव से लोगों के दर्द को कम करने का प्रयास किया।

कार्यक्रम का संचालन अनिल शर्मा ने किया, वहीं आभार प्रदर्शन विजेंद्र दुबे के द्वारा किया गया। इस अवसर पर अमर सिंह यादव, रमा शंकर गप्ता, रवि राजपूत, सीताराम पटेल, सिब्ब तिवारी महेंद्र कश्यप, चंद्र कमार जायसवाल, संतोष कर्र, शिव कमार नागर्ची, गोविंद प्रधान, मो. उस्मान, सूरेश जायसवाल, अधिवक्ता विकल्प दूबे, संकल्प दूबे, स्वप्निल अग्रवाल, सूयकांत रजक प्रवीण प्रजापति, सुधांशु दूबे सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Latest
109 बच्चों का भविष्य दांव पर, कोनचरा हाईस्कूल में शिक्षक से लेकर पानी-बिजली तक का संकट, कलेक्टर से ल... खैरा–पुडू मार्ग बना मुसीबत का रास्ता, सड़क पर चलना नहीं मजबूरी में सफर करना है! बजरंगबली को मन में बसाकर पैदल निकले बागेश्वर धाम की यात्रा पर दिलीप यादव युवा कांग्रेस चुनाव: बेलगहना में विजय कोल ने बढ़ाई सक्रियता, गांव-गांव युवाओं से साध रहे संपर्क रतनपुर में अखिल भारतीय ड्राइवर महासंगठन की बैठक, 12 नवंबर से देशव्यापी अनिश्चितकालीन स्टेयरिंग छोड़ो... आरोपी को पकड़ने छप्पर पर जलानी पड़ी मिर्च  जिस स्कूल में बच्चों की हिफाजत होनी थी, वहीं बच्चें को पड़ी मार स्कूल के अंदर पालक ने बच्चें की पिटाई,शिक्षकों की मौजूदगी में बच्चों के साथ मारपीट का आरोप, शिकायत क... स्कूल के अंदर पालक ने बच्चें की पिटाई,शिक्षकों की मौजूदगी में बच्चों के साथ मारपीट का आरोप, शिकायत क... हाईवे बना या राहों का दर्द, घटिया निर्माण के खिलाफ 20 अगस्त को गरजेगा कांग्रेस