बिलासपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर ग्रामीण की नई कार्यकारिणी को मंजूरी दिए जाने के बाद कांग्रेस संगठन को नई मजबूती मिली है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी अनुमोदन सूची में शिवदत्त पांडेय को जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर ग्रामीण का जिला सचिव नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति की खबर सामने आते ही क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला l
लंबे समय से संगठन के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहे शिवदत्त पांडेय को यह जिम्मेदारी मिलने को कार्यकर्ताओं ने उनकी मेहनत, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा का सम्मान बताया है। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि उनके अनुभव और सक्रियता से कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूती मिलेगी।
अपनी नियुक्ति पर शिवदत्त पांडेय ने कहा कांग्रेस नेतृत्व ने मुझ जैसे एक साधारण कार्यकर्ता पर जो विश्वास जताया है, उसके लिए मैं हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। यह मेरे लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि संगठन और जनता की सेवा का संकल्प है। मैं पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा संगठन को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य करता रहूंगा।
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। सभी वरिष्ठ नेताओं और साथियों के मार्गदर्शन में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, युवाओं को जोड़ने और जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
शिवदत्त पांडेय की नियुक्ति पर कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि वे अपनी नई जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन कर संगठन को नई दिशा और नई ऊर्जा प्रदान करेंगे।

