बिलासपुर — स्वास्थ्य विभाग में वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे कर्मचारियों को यदि अपने ही मेहनत की कमाई के लिए महीनों तक इंतजार करना पड़े, तो इससे विभागीय व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है।
ऐसा ही एक मामला कोटा विकासखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चपोरा से सामने आया है, जहां कार्यरत चौकीदार दिनेश कुमार पैकरा एवं आया गणेशिया बाई करपे पिछले सात माह से वेतन नहीं मिलने की समस्या से जूझ रहे हैं।
पीड़ित कर्मचारियों का आरोप है कि वे लगातार अपने लंबित वेतन की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। वेतन के अभाव में परिवार का भरण-पोषण करना उनके लिए मुश्किल होता जा रहा है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
सेवा संकल्प शिविर में भी लगाई गुहार, फिर भी नहीं मिला न्याय
अपनी समस्या को लेकर दोनों कर्मचारियों ने 06 अक्टूबर 2026 को चपोरा में आयोजित सेवा संकल्प शिविर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्हें उम्मीद थी कि शिविर के माध्यम से उनकी समस्या जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचेगी और वर्षों से दी जा रही सेवाओं का उचित पारिश्रमिक उन्हें मिल सकेगा। लेकिन शिकायत दर्ज कराने के बाद भी अब तक निराकरण नहीं होने का आरोप लगाया गया है।
इस संबंध में कर्मचारियों ने खंड चिकित्सा अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटा को लिखित आवेदन सौंपकर मामले की जांच कराने और लंबित वेतन का भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की है।
आखिर कब जागेगा स्वास्थ्य विभाग
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब स्वास्थ्य केंद्र में सेवाएं देने वाले कर्मचारियों को ही महीनों तक वेतन के लिए परेशान होना पड़ रहा है, तो विभागीय व्यवस्था की जवाबदेही कौन तय करेगा क्या सेवा संकल्प शिविर में दर्ज शिकायतों का निराकरण केवल कागजों तक सीमित रह जाएगा आखिर गरीब और जरूरतमंद कर्मचारियों को अपनी मेहनत की कमाई पाने के लिए बार-बार अधिकारियों के चक्कर क्यों लगाने पड़ रहे हैं

