
बिलासपुर — ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं पहले ही कई चुनौतियों से जूझ रही हैं। ऐसे में यदि सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराने पहुंचने वाले ग्रामीणों को ही कथित तौर पर अपमान और दुर्व्यवहार का सामना करना पड़े, तो यह व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। ऐसा ही एक मामला कोटा विकासखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) चपोरा से सामने आया है, जहां पदस्थ कंप्यूटर ऑपरेटर नीरज सोनी के खिलाफ ग्रामीणों ने गंभीर शिकायत करते हुए उन्हें तत्काल स्वास्थ्य केंद्र से हटाने की मांग की है।
मामले को लेकर ग्राम बिरगहनी निवासी दिनेश पैकरा और ग्राम चपोरा निवासी गणेशिया करपे ने जनप्रतिनिधियों एवं शासन-प्रशासन को लिखित आवेदन सौंपकर अपनी पीड़ा जाहिर की है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि PHC चपोरा में पदस्थ कंप्यूटर ऑपरेटर नीरज सोनी द्वारा ग्रामीणों के साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है। इतना ही नहीं, ग्रामीणों का आरोप है कि उनकी तनख्वाह रोकी जा रही है, उन्हें राजनीतिक धमकियां दी जाती हैं और आदिवासी होने के कारण कथित तौर पर ‘गंवार’ कहकर अपमानित किया जाता है।
शिकायतकर्ताओं ने आवेदन में स्पष्ट रूप से चार प्रमुख आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनके काम में बाधा उत्पन्न की जाती है, उनके साथ अभद्र व्यवहार होता है, राजनीतिक धमकियां दी जाती हैं और आदिवासी समाज से होने के कारण उन्हें अपमानजनक शब्द कहे जाते हैं। ग्रामीणों ने इसे केवल व्यक्तिगत अपमान नहीं, बल्कि उनके सामाजिक सम्मान और स्वाभिमान से जुड़ा मामला बताया है।
सेवा संकल्प शिविर में भी उठ चुका है मामला
हैरानी की बात यह है कि यह मामला सेवा संकल्प जन समस्या निवारण शिविर में भी पहुंच चुका है। 6 अक्टूबर 2026 को चपोरा में आयोजित शिविर के दौरान PHC से संबंधित शिकायत और आवेदन प्रस्तुत किए जाने का उल्लेख दस्तावेजों में है। इसके बावजूद शिकायतकर्ताओं का कहना है कि उनकी समस्या का अपेक्षित निराकरण नहीं हुआ है। अब दोबारा आवेदन देकर जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से हस्तक्षेप की मांग की गई है।

आदिवासी समाज के सम्मान का सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी स्वास्थ्य केंद्र आम जनता की सेवा के लिए बनाए गए हैं, जहां गरीब, मजदूर और आदिवासी परिवार इलाज की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं। ऐसे स्थान पर यदि किसी कर्मचारी पर ही ग्रामीणों को अपमानित करने और धमकाने के आरोप लगें, तो यह बेहद चिंताजनक स्थिति है।
शिकायतकर्ताओं ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और कंप्यूटर ऑपरेटर नीरज सोनी को तत्काल PHC चपोरा से हटाया जाए, ताकि ग्रामीणों को सम्मानजनक माहौल में स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
अब जिम्मेदार अधिकारियों से सवाल
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब ग्रामीणों ने लिखित आवेदन देकर अपनी पीड़ा अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाई है, तो अब तक इस मामले में क्या कार्रवाई हुई, क्या स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारी शिकायत की निष्पक्ष जांच कराएंगे, क्या आदिवासी ग्रामीणों को सम्मान और न्याय मिल पाएगा l फिलहाल ग्रामीणों की शिकायत ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

