कोल वाशरी जनसुनवाई में गूंजी स्थानीय रोजगार की मांग, युवाओं और ग्रामीणों ने रोजगार देने की मांग की
नकुलदास मानिकपुरी की रिपोर्ट
कोटा —***—- विकासखंड के ग्राम पंचायत अमाली में मेमर्स विराज अर्थ फ्यूशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा प्रस्तावित कोल वाशरी परियोजना को लेकर शुक्रवार को आयोजित जनसुनवाई में विकास और रोजगार का मुद्दा सबसे प्रमुख रहा। अमाली, बिल्लीबंद, जोगीपुर, धरमपुर और खुरदुर सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान, महिलाएं और शिक्षित युवा जनसुनवाई में पहुंचे तथा अपनी बात प्रशासन और कंपनी के प्रतिनिधियों के सामने रखी।

जनसुनवाई के दौरान स्थानीय युवाओं ने कहा कि वर्षों से क्षेत्र के पढ़े-लिखे युवा रोजगार के अभाव में दूसरे शहरों और राज्यों की ओर पलायन करने को मजबूर हैं। यदि क्षेत्र में उद्योग स्थापित हो रहा है, तो उसका पहला लाभ स्थानीय लोगों को मिलना चाहिए। युवाओं ने मांग की कि कंपनी भर्ती प्रक्रिया में स्थानीय शिक्षित युवाओं को प्राथमिकता दे और उनके कौशल के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराए।

ग्रामीणों ने कहा कि यदि कोल वाशरी परियोजना शुरू होती है तो इससे केवल उद्योग ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदल सकती है। सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं में सुधार होगा। स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, परिवहन और छोटे व्यवसायों के नए अवसर पैदा होंगे तथा क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि कंपनी अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों का भी ईमानदारी से निर्वहन करेगी।
जनसुनवाई में उपस्थित लोगों ने यह भी कहा कि विकास तभी सार्थक माना जाएगा जब उसका लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कंपनी से आग्रह किया कि स्थानीय युवाओं के लिए कौशल प्रशिक्षण, स्थायी रोजगार और क्षेत्र के विकास की स्पष्ट कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को इसका वास्तविक लाभ मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों की मांगों और सुझावों को विधिवत दर्ज किया। वहीं कंपनी के प्रतिनिधियों ने स्थानीय रोजगार और क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया।

